
ऋषिकेश
तीर्थनगरी की रेलवे रोड पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक पूजा सामग्री की दुकान में सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया, जिससे आग को बाजार की अन्य दुकानों में फैलने से रोक लिया गया। जानकारी के अनुसार, रेलवे रोड स्थित राहुल सैनी की पूजा सामग्री की दुकान से तड़के धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। दुकान के भीतर अगरबत्ती, कपूर और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन ऋषिकेश से दमकल कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बगल की अन्य दुकानें सुरक्षित बच गईं। प्रथम दृष्टि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने की आशंका है। दुकान मालिक राहुल सैनी का काफी सामान जल गया है। लेकिन किसी जनहानि नहीं हुई है। दुकान स्वामी राहुल सैनी के अनुसार आग लगने से दुकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है।
