
नई टिहरी
जनपद टिहरी गढ़वाल की नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने भद्रकाली मंदिर में माथा टेका और जनपद की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की। पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचने पर चौबे को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर (औपचारिक सलामी) दी गई।

इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की, जिसमें जनपद की भौगोलिक स्थिति और वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान एसएसपी ने अपनी प्राथमिकताओं को बताया। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना पहली प्राथमिकता होगी। पुलिस को जनता के प्रति संवेदनशील और सहायक व्यवहार अपनाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए तकनीक के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे विशेष अभियानों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। देवभूमि को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम। साइबर ठगी से जनता को बचाने हेतु जागरूकता और त्वरित कार्रवाई।

महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु प्रभावी तंत्र। चारधाम यात्रा रूट और स्थानीय यातायात को सुगम बनाना।पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव को दुरुस्त करने और सामुदायिक पुलिसिंग (पुलिस-जन संवाद) को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए।
