
ऋषिकेश
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास में शैक्षिक सत्र 2026-27 का आगाज़ बेहद उत्साहपूर्ण और गरिमामय ढंग से हुआ। नए सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचे नवीन छात्र-छात्राओं का स्वागत किसी उत्सव से कम नहीं रहा। विद्यालय परिवार द्वारा छात्रों पर की गई पुष्प वर्षा और माल्यार्पण ने छात्रों भीतर एक नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित अतिथियों को सम्मानित किया गया। स्वागत समारोह के साथ-साथ यह अवसर विद्यालय के लिए दोहरी खुशी का रहा। विद्यालय परिवार ने प्रधानाचार्य उमाकांत पंत के सफल तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें बधाई दी। अतिथियों ने उनके नेतृत्व में विद्यालय द्वारा हासिल किए गए नए आयामों की सराहना की। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला है। हमारा लक्ष्य बच्चों के भीतर अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना है। मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि विद्यालय का आगामी सत्र नवाचारों पर केंद्रित रहेगा, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भी माल्यार्पण कर सम्मानित किया। अनिल भंडारी के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ सक्रिय रहा, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. नागेन्द्र पोखरियाल,रामगोपाल रतूड़ी, वीरेंद्र कंसवाल, नंदकिशोर भट्ट, संदीप कुमार, प्रवेश कुमार,यशोदा भारद्वाज, आरती बडोनी, मीनाक्षी उनियाल शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी शिक्षकों और अभिभावकों ने नए सत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों को शुभाशीष प्रदान किया।
