
ऋषिकेश
राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी, गुमानीवाला में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा, जिसमें कक्षा 1 की छात्रा आकृति ने 99.87% अंक प्राप्त कर विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे, कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल मित्तल, मुख्य अतिथि मेजर गोविंद सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत, पूनम अनेजा ने किया। विशिष्ट अतिथि उमाकांत पंत ने कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।

मुख्य अतिथि मेजर गोविंद सिंह रावत ने जोर दिया कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कारों के विकास का केंद्र है। वहीं, अनिल मित्तल ने छात्रों को एक उत्कृष्ट नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समस्त स्टाफ और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में मेधावियों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
