
ऋषिकेश
ऋषिकेश में आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत देर रात होटल नवरंग में पुलिस की छापेमारी हुई है। इस छापेमारी में पुलिस ने नेपाली थीम पर शुरू हुए कसीनो को पकड़ा है। मौके पर करीब 20 हजार कॉइन, 60 हजार रुपए नकद, 6 बोतल शराब, 20 रुपए के नकली नोट और अनगिनत ताश की गड्डी बरामद हुई है। करीब 10 महिला डांसरों सहित 35 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के साथ लोकल और जनप्रतिनिधि भी शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीओ नीरज सेमवाल के नेतृत्व में होटल पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही होटल में अवैध रूप से कसीनो खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। वह भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी ने उन्हें भागने नहीं दिया। अभी तक की जांच में पता चला कि गुमानीवाला श्यामपुर निवासी अशोक थापा नेपाली थीम पर इस कसीनो को चलाने की कोशिश कर रहा था। 27 मार्च को ही इस कसीनो की ओपनिंग हुई। जिसमें महिला डांसर कसीनो खेलने पहुंचे लोगों को लुभाने के लिए पहुंची। यह भी जानकारी मिली है कि यह सारा गेम नकद की जगह ऑनलाइन रुपए ट्रांजैक्शन के साथ चल रहा था। पुलिस इस बड़े मामले में गहन जांच पड़ताल कर रही है। जिसके बाद बड़ा खुलासा किया जाएगा। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल इस मामले में अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
