ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सौलमेट ब्रांड की एक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करी में इस्तेमाल एक स्कूटी को भी कब्जे में लेकर सीज किया है। थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि पुलिस टीम घट्टूघाट से बैरागढ़ की ओर गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान बैरागढ़ में एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी के पायदान पर रखे एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे से सौलमेट ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तस्कर की पहचान प्रदीप कुमार निवासी लक्ष्मण झूला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने शराब तस्करी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
