

रानीपोखरी
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में रानीपोखरी स्थित लंबरदार फार्म में ‘मातृशक्ति संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में शिरकत कर अपने सामाजिक, आर्थिक और स्थानीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज और देश का विकास अधूरा है। कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन के लिए संघर्ष करती रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन आज भी पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा का इंतजार कर रहा है।

डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं का समाधान करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि महिला अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की संयोजक एवं कांग्रेस जिला महासचिव रेखा कांडपाल सती और अफसाना अंसारी की आयोजन में प्रमुख भूमिका रही। रेखा कांडपाल ने कहा कि यह संवाद केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्षों को समझने की पहल है। मातृशक्ति को संगठित और जागरूक बनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस अवसर पर डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मालती चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेंद्र चौहान, मंडलम अध्यक्ष मोहित कपरवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य नितिन पंवार, पुष्पराज बहुगुणा और युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अमित तिवारी समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
