

रायवाला
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच पर कथित रूप से गंगाजल छिड़ककर ‘शुद्धिकरण’ करने के मामले में कांग्रेस का गुस्सा भड़क उठा है। बुधवार को प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रायवाला कोतवाली पहुंचकर उप निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा और दोषियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाजपा-RSS पर साधा निशाना
पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपने के बाद कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला और ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर बेंदवाल ने सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग लगातार हर वर्ग और जाति के लोगों का अपमान कर रहे हैं, जबकि शासन-प्रशासन मौन साधे बैठा है।
रमोला ने आरोप लगाते हुए कहा कि, “घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे भाजपा के पदाधिकारी दोषियों के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे साफ होता है कि यह घृणास्पद कृत्य उन्हीं के इशारे पर हुआ है। जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दलितों के सम्मान और न्याय की आवाज उठाते हैं, तो भाजपा कार्यकर्ता उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कराते हैं। सरकार की इस दोहरी नीति के कारण आम जनता का कानून से विश्वास उठ रहा है।”
संविधान और सामाजिक सौहार्द पर हमला
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायवाला के अध्यक्ष गोकुल रमोला और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के हर नागरिक को समानता और गरिमा के साथ जीने का अधिकार देता है। सार्वजनिक मंच से इस तरह का कृत्य समाज में वैमनस्य और भेदभाव फैलाने की सोची-समझी साजिश है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा हमेशा से आपसी भाईचारे की रही है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ नेता या वर्ग का सार्वजनिक अपमान लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। कांग्रेस सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
मौके पर मौजूद रहे प्रमुख नेता
प्रदर्शन और ज्ञापन देने के दौरान दीपा चमोली, मंजू क्षेत्री, मनोज गुसाई, उप प्रधान कुंवर सिंह गुसांई, गजेंद्र विक्रम शाही, सूरत रांगढ, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र तिवारी, अंकित खंकरियाल, नवीन, राजीव यादव, यशपाल राणा, पूर्व प्रधान विवेक रावत, कमल राणा, क्षेत्र बहादुर मल्ल, त्रिलोक सिंह, राजेश नेगी, संदीप खंतवाल, हरभजन चौहान, रोहित नेगी, फारुख और सोहेल खान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
