
ऋषिकेश
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ऋषिकेश शहर अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत 10 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे है। ये सभी चार्जिंग स्टेशन सार्वजनिक-निजी भागीदारी मोड के तहत लगाए जाएंगे। नगर निगम द्वारा संबंधित कंपनियों को जगह उपलब्ध कराई गई है। 10 में से 2 चार्जिंग स्टेशनों पर काम शुरू हो चुका है। ये स्टेशन बालाजी बगीचा और एम्स के पास बनाए जा रहे हैं। अगले एक महीने के भीतर चिह्नित स्थानों पर कम से कम 7 स्टेशन बनकर तैयार होने की उम्मीद है। निजी कंपनी अगले 10 वर्षों तक इन स्टेशनों का संचालन और रखरखाव करेगी। इससे होने वाली आय का एक निर्धारित हिस्सा नगर निगम को मिलेगा। साथ ही, इन स्टेशनों पर विज्ञापन से होने वाली आय का 50% हिस्सा भी निगम के खाते में जाएगा। नगर आयुक्त ने इस पहल के तीन बड़े फायदे गिनाए हैं। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलने से शहर की हवा स्वच्छ रहेगी। ऋषिकेश चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के इलेक्ट्रिक वाहनों को यहां चार्जिंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इस प्रोजेक्ट से निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। ऋषिकेश अब आधुनिक सुविधाओं के साथ ग्रीन सिटी बनने की ओर अग्रसर है। जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।
