
ऋषिकेश
उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में धामी सरकार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण के लिए 1105.79 करोड़ की तकनीकी और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह बाईपास न केवल स्थानीय निवासियों के लिए राहत लेकर आएगा, बल्कि चारधाम यात्रा के सुगम संचालन में भी मील का पत्थर साबित होगा। इस बाईपास की कुल लंबाई 12.67 किलोमीटर होगी। यह बाईपास तीनपानी फ्लाईओवर से खारा स्रोत पुल तक बनेगा। जो मार्ग मुख्य रूप से भट्टोवाला और ढालवाला से होकर गुजरेगा। इसे EPC मोड पर तैयार किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने के लिए 3 वर्ष का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मंजूरी पर खुशी जताते हुए कहा कियह परियोजना उत्तराखंड के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऋषिकेश में यातायात का दबाव कम होने से न केवल स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलेगी, बल्कि चारधाम यात्रियों का सफर भी सुगम और सुरक्षित होगा। परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत राशि खर्च की जाएगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कार्य में किसी भी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार्य नहीं होगी। देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इस कार्य के लिए DDO नामित किया गया है।
